झाबुआ

फर्जी फ्रंट पेज बनाकर सोशल मीडिया स्टार बनने की होड़, विश्वसनीय पत्रकारिता पर सवाल….

#Jhabuahulchul 

झाबुआ डेस्क। झाबुआ जिले में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तथाकथित दैनिक भास्कर की फ्रंट पेज फोटो ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। किसी ऐप या एडिटिंग माध्यम से बड़े अखबार के प्रथम पृष्ठ पर खुद की फोटो और खबर लगाकर खुद को सोशल मीडिया स्टार बताने की यह होड़ अब मजाक का रूप ले चुकी है।

जो अखबार देश-दुनिया की खबरों के साथ सत्ता परिवर्तन तक की ताकत रखते हैं, जिन पर करोड़ों पाठकों का वर्षों से विश्वास कायम है, उन्हीं प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के नाम और स्वरूप का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर झूठी वाहवाही लूटने का खेल खुलेआम चल रहा है। सुबह की चाय के साथ पढ़े जाने वाले विश्वसनीय अखबारों की साख के साथ इस तरह खिलवाड़ होना बेहद गंभीर विषय माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में कुछ लोग खुद को बड़े अखबार के फ्रंट पेज पर छपा सोशल मीडिया स्टार बता रहे हैं। जबकि वास्तविकता क्या है, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। ऐसे में आम पाठक भ्रमित हो रहा है कि जो सोशल मीडिया पर दिख रहा है वह सच है या केवल दिखावा।

हाल ही में झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट ने सोशल मीडिया बनेगा बदलाव का सशक्त माध्यम पहल के अंतर्गत जिले के युवाओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और वीडियो क्रिएटर्स से संवाद किया था। उद्देश्य सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना था, लेकिन अब उसी सोशल मीडिया का उपयोग फर्जी प्रचार और खुद की ब्रांडिंग के लिए किया जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी प्रतिष्ठित समाचार पत्र के नाम, लोगो और स्वरूप का इस तरह उपयोग करना कानूनी दायरे में आता है। क्या जनसंपर्क विभाग और प्रशासन ऐसे मामलों को संज्ञान में लेकर जांच करेगा। क्योंकि यह केवल एक फोटो का मामला नहीं, बल्कि मीडिया की विश्वसनीयता और जनता के भरोसे से जुड़ा विषय है।

झाबुआ में वायरल इन तस्वीरों को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कई लोगों का कहना है कि अब फेसबुकिये, यूट्यूबर और इंस्टाग्राम वाले खुद को पत्रकार साबित करने में लगे हैं, जबकि पत्रकारिता केवल लाइक्स और फॉलोअर्स का खेल नहीं बल्कि जिम्मेदारी और सत्यता का माध्यम है।

नवागत कलेक्टर साहब की इस पहल पर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की विपरीत प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। इसके कुछ फोटो हम आपको दिख रहे हैं।

नोट,,वायरल फोटो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह तेजी से प्रसारित हो रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!