थांदला

विश्व सिकल सेल दिवस पर थांदला में रक्तदान शिविर आयोजित, कलेक्टर ने रक्तदाताओं का किया सम्मान…

#Jhabuahulchul 

थांदला@जितेंद्र बैरागी 

विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संचालित “जीवन धारा अभियान – एक बूंद उम्मीद की” के तहत सिविल अस्पताल थांदला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सहभागिता कर रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

शिविर में सिविल अस्पताल परिसर में स्थापित ब्लड डोनेशन काउंटर एवं ब्लड डोनेशन बस के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है, जिससे अनेक जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जिले में सिकल सेल बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रक्तदान को जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है। रक्तदान से शरीर कमजोर होने जैसी धारणाएं पूरी तरह गलत हैं। रक्तदान से शरीर में नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया सक्रिय होती है तथा रक्त संचार बेहतर बना रहता है।

कलेक्टर ने बताया कि झाबुआ एक जनजातीय जिला है, जहां सिकल सेल बीमारी के मामले अपेक्षाकृत अधिक पाए जाते हैं। भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक सिकल सेल रोग उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी प्राप्ति में स्वैच्छिक रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सिकल सेल रोगियों को समय-समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ती है, इसलिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को नियमित रक्तदान करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वर्षभर का कैलेंडर तैयार किया गया है, जिसके अनुसार विभिन्न अवसरों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले को रक्त की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!