कबीर प्रकट उत्सव 23 जून को खवासा में, मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान , नगर में निकलेगी विशाल शोभा यात्रा….

खवासा@आयुष पाटीदार
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला कबीर प्रकट उत्सव इस वर्ष 23 जून को ग्राम खवासा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार उपस्थित रहेंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में आलोट के पूर्व विधायक जितेंद्र थावरचंद गहलोत तथा अतिथि के रूप में श्रीमती संतोष ओमप्रकाश गहलोत, नगर पालिका अध्यक्ष नागदा जंक्शन, शामिल होंगी। संत अतिथि के रूप में 108 महंत श्री ईश्वरदास जी साहेब (कबीर आश्रम, रामगढ़ बगीचा) एवं महंत श्री हीरादास जी साहेब (हरथली, रतलाम) का सान्निध्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम खवासा में संत कबीर की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इसके पश्चात मंचासीन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें अतिथियों के करकमलों द्वारा मालवीय-बलाई समाज के प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक अर्जुन मालवीय एवं रवि मालवीय ने बताया कि कबीर प्रकट उत्सव समाज की एकता, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी जिला एवं तहसील पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार विशाल शोभायात्रा और संतों के सान्निध्य में होने वाला यह आयोजन पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रहेगा।



