बैंड-बाजों, भजनों और ढोल-थाली की गूंज पर झूमे श्रद्धालु, भव्य कलश यात्रा निकली…

रायपुरिया@राजेश राठौड़
सनातन धर्म में किसी भी मांगलिक कार्य की शुरुआत से पूर्व देव पूजन एवं कलश स्थापना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए ग्राम रायपुरिया में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव (श्री अम्बिका माता, श्री राम दरबार एवं श्री राधा-कृष्ण) के अवसर पर शनिवार को भव्य कलश एवं गंगाजल यात्रा निकाली गई।
मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई यह यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान बैंड-बाजों की धुन, भजनों की मधुर गूंज और ढोल-थाली की खनक पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कलश यात्रा में पाटीदार समाज के युवा, महिलाएं एवं युवतियां एकरूप वेशभूषा में आकर्षक रूप से शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश एवं गंगाजल धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का पुष्पमालाओं से स्वागत कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।
यात्रा की अगवानी कामधेनु गौशाला (बनी) के पीठाधीश आचार्य देवेंद्र शास्त्री द्वारा की गई, जो पूरे समय यात्रा के साथ उपस्थित रहे। इसी के साथ आज से पंचकुंडी यज्ञ का भी शुभारंभ हो गया है।
पूरा गांव इन दिनों भक्ति रंग में रंगा हुआ है। जगह-जगह भगवा ध्वजों से सजी सड़कों और मंदिर परिसर की सजावट आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन के जवान भी तैनात रहे।




