झाबुआ-मेघनगर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
झाबुआ-मेघनगर मार्ग पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं दोनों मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजगढ़ से थांदला जा रही प्रदीप बस (क्रमांक MP 46 P 1229) की बाइक (क्रमांक MP 45 ME 8024) से आमने-सामने टक्कर हो गई। बस का चालक रईस पिता बहादुर खान, निवासी राजगढ़ (जिला धार), बताया जा रहा है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अर्जुन पिता दलसिंह, निवासी ग्राम बिसलपुर, तथा सोहिल पिता जम्बूडा पारगी, निवासी ग्राम नागनखेड़ी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मेघनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस और बाइक को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे से बिसलपुर और नागनखेड़ी गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



