खवासाझाबुआ

खवासा में विकास कार्यों को लेकर सियासत गरमाई, जनपद उपाध्यक्ष पर कार्यों में अड़ंगा डालने के आरोप…

झाबुआ डेस्क। ग्राम पंचायत खवासा में चल रहे विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक खींचतान सामने आने लगी है। एक ओर पंचायत क्षेत्र में सड़क, पाइपलाइन सहित अन्य विकास कार्यों के बेहतर तरीके से संचालित होने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जनपद उपाध्यक्ष पर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसे लेकर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और जनपद उपाध्यक्ष के बीच मतभेद की चर्चाएं भी क्षेत्र में जोर पकड़ रही हैं।

सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का बजट जारी किया जाता है। सड़क, नाली, पेयजल, स्कूल, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से गांवों के विकास का प्रयास किया जाता है। ऐसे में यदि विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव और योजनाएं प्रक्रिया में अटकती हैं, तो इसका सीधा असर ग्रामीण जनता पर पड़ता है।

ग्राम पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क निर्माण और पाइपलाइन से जुड़े कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से किए जा रहे हैं। वहीं कुछ जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि जनपद उपाध्यक्ष द्वारा विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप किया जा रहा है, जिससे कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।

पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी की चर्चा

सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायत के कई पंचों सहित पंचायत की पूरी बॉडी में जनपद उपाध्यक्ष के कार्य करने के तरीके को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। हालांकि इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि विकास कार्यों को लेकर पंचायत और जनपद उपाध्यक्ष के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई है। अब सवाल यह है कि राजनीतिक मतभेदों का असर कहीं गांव के विकास कार्यों पर तो नहीं पड़ रहा।

जनप्रतिनिधियों ने रखी अपनी बात

पंच राकेश पाटीदार ने कहा कि गांव में बन रही सड़क पंचायत की निगरानी में तैयार हो रही है और कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। जनता जिस गुणवत्ता की अपेक्षा कर रही है, उसी के अनुरूप निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

पंच सिमरन रवि पाटीदार ने कहा कि नगर में सड़क निर्माण का कार्य बेहतर तरीके से चल रहा है और वार्ड के लोग भी कार्य से संतुष्ट हैं।

पंच रजनीकांत पाटीदार ने कहा नगर में रोड बन रहा हे बहुत खुशी की बात हे ओर बहुत अच्छा काम हो रहा हे हम पच होने के नाते खुद खड़े रह कर निर्माण करवा रहे हे जनता भी खुश हे।

पंच राजूबाई प्रदीप सिसोदिया ने कहा कि नगर में हुए विकास कार्य पंचायत की निगरानी में कराए गए हैं। वार्ड की जनता सड़क निर्माण कार्य से संतुष्ट और खुश है।

पंच ब्रह्मावती बद्री डिंडोर का ने कहा कि नगर में रोड अच्छा बन रहा हे जनता कोई परेशानी नहीं हे।

पंच नितादेवी गोपाल चौहान ने कहा कि रोड अच्छा बन रहा हे में देखने नहीं गया लेकिन नाली से नाली रोड बन रहा हे जो वार्ड की जनता चाह रही उस प्रकार से रोड बन रहा जनता काफी खुश हे।

उपसरपंच मनोहर बारिया ने आरोप लगाया कि नगर में हुए कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ और जनता की निगरानी में कराए गए हैं, लेकिन जनपद उपाध्यक्ष विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने जनपद उपाध्यक्ष पर ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों से अभद्र तरीके से बात करने का भी आरोप लगाया।

पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राजेंद्र भगत ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई थीं, जिसके बाद नगर की जनता लगातार सड़क निर्माण की मांग कर रही थी। अब अच्छी गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण किया जा रहा है। नालियों को जोड़ते हुए सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे नगर में विकास कार्य बेहतर तरीके से हो रहे हैं।

विधायक प्रतिनिधि कमलेश पटेल ने कहा कि नगर में सड़क और पाइपलाइन का कार्य अच्छे तरीके से चल रहा है। जनता भी कार्यों पर नजर बनाए हुए है। पाइपलाइन में जहां भी कोई कमी सामने आती है, उसे पंचायत और ठेकेदार के कर्मचारी तत्काल सुधारते हैं। सड़क की मजबूती के लिए समय-समय पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है।

किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव नंदलाल मेंड ने कहा कि नगर में सड़क निर्माण का कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है और हर वार्ड में सड़क निर्माण हो रहा है। यदि जनता कार्य से संतुष्ट नहीं होती तो यह कार्य आगे नहीं बढ़ पाता।

अब देखना यह होगा कि विकास कार्यों को लेकर सामने आए मतभेदों का समाधान किस तरह होता है और खवासा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी तरह बनी रहती है या राजनीतिक खींचतान का असर इन कार्यों पर पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!