बड़ी देहंडी में सीमांकन विवाद: 11 अधिकारियों की मौजूदगी के बाद भी नहीं हुआ समाधान, किसानों में आक्रोश….

पेटलावद@ओपी मालवीय
बड़ी देहंडी में जमीन सीमांकन को लेकर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ग्राम के सर्वे नंबर 1416 के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग की ओर से 2 राजस्व निरीक्षक (आरआई) और 9 पटवारियों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कई घंटों की कार्रवाई के बावजूद सीमांकन पूरा नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों और किसानों में भारी नाराजगी देखी गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक अधिकारी खेत पर मौजूद रहे, लेकिन सीमांकन के लिए पत्थर तक नहीं गाड़े गए। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने केवल औपचारिकता निभाई और बिना किसी निष्कर्ष के वापस लौट गए। मौके पर विवाद सुलझाने के लिए तहसीलदार से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।

आवेदक किसान का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से अपनी करीब 0.570 हेक्टेयर भूमि के सीमांकन और कब्जे के लिए राजस्व विभाग के चक्कर लगा रहा है। लगातार देरी के कारण उसकी खेती प्रभावित हो रही है और आगामी बुआई पर भी संकट मंडरा रहा है। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही और दबाव में काम करने के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर संबंधित किसान को कब्जा दिलाया जाए। साथ ही, आदेशों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मामले की शिकायत जिला कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई जाएगी।




