रोटरी नववर्ष की शुरुआत सेवा के संकल्प के साथ, 32 ग्रामीण विद्यालयों में 18 हजार बिस्कुट पैकेट वितरित…

चिकित्सकों का सम्मान कर परिवार हेतु भेंट किए बिस्कुट फैमिली पैक, कई विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणाएं*
मेघनगर@मुकेश सोलंकी
सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रोटरी क्लब अपना, मेघनगर ने रोटरी वर्ष 2026–27 का शुभारंभ जनसेवा के विविध आयामों के साथ किया। क्लब द्वारा पूरे दिन संचालित विशेष सेवा अभियान के अंतर्गत नगर सहित ग्रामीण अंचल के 32 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बीच 18 हजार सिंगल बिस्कुट पैकेट वितरित किए गए। वहीं समाज की स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे चिकित्सकों का सम्मान करते हुए उन्हें उनके परिवार के लिए बिस्कुट फैमिली पैक भेंट किए गए। इस दौरान कई विद्यालयों की मूलभूत आवश्यकताओं को देखते हुए रोटरी क्लब ने तत्काल सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणाएं भी कीं।
सेवा अभियान का शुभारंभ प्रातः 9 बजे सी.एम. राइज स्कूल, मेघनगर से हुआ, जहां विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक बिस्कुट पैकेट वितरित कर रोटरी सदस्यों ने नए रोटरी वर्ष की शुरुआत सेवा एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ करने का संदेश दिया। इसके पश्चात क्लब के सदस्य अलग-अलग टीमों में विभाजित होकर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच बिस्कुट पैकेट वितरित किए। बच्चों के चेहरे पर खुशी, उत्साह और मुस्कान ने पूरे अभियान को यादगार और प्रेरणादायी बना दिया।
अभियान के दौरान रम्भापुर, मांडली, गवाली, पत्रा, देमारा, नागनवाट, रामपुरा, रामपुरी, पिपलोदा बड़ा, पिपलखुटा, विशालपुर, खच्चर टोड़ी सहित अनेक ग्रामों के विद्यालयों में विद्यार्थियों तक बिस्कुट पैकेट पहुंचाए गए। विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने रोटरी सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया तथा सेवा कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की। ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों के बीच किया गया यह सेवा कार्य सामाजिक सहभागिता और मानवीय संवेदनाओं का सुंदर उदाहरण बन गया।
सेवा अभियान के दौरान रोटरी क्लब ने विद्यालयों की आवश्यकताओं का भी गंभीरता से अवलोकन किया। शासकीय माध्यमिक विद्यालय, गवाली में कक्षाओं के खराब पड़े पंखों को शीघ्र दुरुस्त कराने की घोषणा की गई। वहीं शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, रम्भापुर में विद्यार्थियों द्वारा पेयजल की समस्या बताए जाने पर रोटरी क्लब अपना की ओर से वाटर फिल्टर उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त प्राथमिक शाला, रम्भापुर के एक जरूरतमंद विद्यार्थी को गणवेश उपलब्ध कराने की घोषणा क्लब के निवृत्तमान उपाध्यक्ष रोटे. पंकज रांका ने की। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर, घोसलिया में बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास के लिए झूला स्थापित कराने की घोषणा क्लब के निवृत्तमान अध्यक्ष रोटे. गोविंद सिंह चौहान के सौजन्य से की गई।
विद्यालयों में सेवा कार्य पूर्ण होने के बाद क्लब के सदस्यों ने नगर के विभिन्न चिकित्सालयों एवं क्लीनिकों का भ्रमण किया। इस दौरान समाज की स्वास्थ्य सेवा में निरंतर समर्पित चिकित्सकों का मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया गया तथा उनके परिवार के लिए बिस्कुट फैमिली पैक भेंट किए गए। चिकित्सकों ने रोटरी क्लब की इस आत्मीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति सम्मान और विश्वास का प्रतीक बताया।
*रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटे. कमलेश गरवाल ने कहा*
रोटरी का मूल उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। नया रोटरी वर्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के विभिन्न सेवा प्रकल्पों को समर्पित रहेगा और क्लब पूरे वर्ष निरंतर समाजहित में कार्य करता रहेगा।
*रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष रोटे. भरत मिस्त्री ने कहा*
रोटरी क्लब अपना द्वारा प्रत्येक वर्ष सेवा कार्यों के साथ नए रोटरी वर्ष का शुभारंभ करना अब एक सशक्त परंपरा बन चुकी है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही क्लब का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में वितरित किए गए बिस्कुट
रोटरी के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. गजेन्द्र सिंह नारंग के सहयोग एवं माध्यम से प्राप्त हुए हैं। उनके सतत प्रयासों से पिछले चार वर्षों से प्रत्येक दो माह के अंतराल पर इस प्रकार की सामग्री उपलब्ध हो रही है, जिससे हजारों जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सेवा का लाभ पहुंचाया जा रहा है। क्लब उनके प्रति विशेष आभार व्यक्त करता है।
पूरे दिन चले इस सेवा अभियान में क्लब अध्यक्ष रोटे. कमलेश गरवाल, उपाध्यक्ष रोटे. मांगीलाल नायक, सचिव रोटे. दीपक व्यास, निवृत्तमान अध्यक्ष रोटे. गोविंद सिंह चौहान, संस्थापक अध्यक्ष रोटे. भरत मिस्त्री, रोटे. चंदनबाला शर्मा, डॉ. किशोर नायक, रोटे. पंकज रांका, रोटे. कयूम खान सहित रोटरी क्लब अपना, मेघनगर के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
रोटरी वर्ष के प्रथम दिन आयोजित इस विशाल सेवा अभियान ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि रोटरी केवल एक सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, सेवा, सहयोग और जनकल्याण का सशक्त आंदोलन है। पूरे अभियान ने रोटरी के ध्येय वाक्य **”सेवा ही सर्वोपरि”** को सार्थक करते हुए समाज में सकारात्मक सोच, सहयोग और मानवीय मूल्यों का प्रेरक संदेश प्रसारित किया।




