खवासा

IPL की तर्ज पर सजेगा मैदान: NHPS क्रिकेट एकेडमी द्वारा अंडर-14 और अंडर-17 टूर्नामेंट का रोमांच 6 जून से अनोखी पहल: हर ‘डॉट बॉल’ पर लगाए जाएंगे छांवदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश…..

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

NHPS क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में आगामी 6 जून से अंडर-14 और अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट संजय व्यास की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की युवा खेल प्रतिभाओं को निखारना है। टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ 6 जून को प्रातः 7:00 बजे से 11:00 बजे तक होगा। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के वरिष्ठ खिलाड़ी राजेंद्र भगत और विनोद बापू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस टूर्नामेंट को बेहद रोमांचक बनाने के लिए 3 जून को आईपीएल की तर्ज पर नन्हे खिलाड़ियों का ऑक्शन किया गया, जिसके माध्यम से कुल 8 मजबूत टीमें गठित की गई हैं। टूर्नामेंट के मुकाबले लीग चरण में खेले जाएंगे, जिसके लिए टीमों को दो ग्रुप, ग्रुप A और ग्रुप B में बांटा गया है। हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी। लीग मैचों के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होगा, जबकि टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी फाइनल मैच 10 जून को खेला जाएगा।

विश्व पर्यावरण दिवस को ध्यान में रखते हुए इस टूर्नामेंट में एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की गई है। सभी टीमों के सदस्यों ने यह संकल्प लिया है कि मैच के दौरान फेंकी जाने वाली प्रत्येक डॉट बॉल पर टीम द्वारा थांदला रोड पर एक छांवदार पौधा लगाया जाएगा। खेल के साथ पर्यावरण सुधार का यह संदेश पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि भी रखी गई है। इसमें विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5101 रुपये और उप-विजेता टीम को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3100 रुपये दिए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक मैच के विजेता टीम के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को 101 रुपये का इनाम मिलेगा।

अंडर-14 के छोटे बच्चों में इस टूर्नामेंट को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और सभी नन्हे खिलाड़ी मैदान पर लगातार प्रैक्टिस कर रहे हैं। क्रिकेट कोच नितिन राजपूत के कुशल मार्गदर्शन से सभी बच्चे बेहद उत्साहित और अभिभूत हैं। कोच नितिन राजपूत ने विश्वास दिलाया है कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे मिलने वाले प्लेटफॉर्म के लिए यह टूर्नामेंट प्रत्येक वर्ष गर्मी की छुट्टियों में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!