खवासा के विकास की बुलंद आवाज: कॉलेज और 50 बिस्तरीय अस्पताल की मांग लेकर मंत्री व उपमुख्यमंत्री तक पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल पाटीदार…

#Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
खवासा क्षेत्र के शिक्षा और स्वास्थ्य विकास को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल पाटीदार ने प्रदेश सरकार के समक्ष दो महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को ज्ञापन सौंपकर खवासा में महाविद्यालय (कॉलेज) की स्थापना की मांग की, वहीं उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को ज्ञापन देकर 50 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

ज्ञापन में बताया गया कि खवासा और आसपास के आदिवासी अंचल से प्रतिवर्ष सैकड़ों विद्यार्थी 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करते हैं, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए उन्हें 50 से 60 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र-छात्राएं दूरी और खर्च के कारण आगे की पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में खवासा में कॉलेज खुलने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि खवासा उप तहसील के अंतर्गत लगभग 50 गांव और 22 पंचायतें आती हैं, जहां अधिकांश आदिवासी और ग्रामीण परिवार निवास करते हैं। क्षेत्र में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने के कारण लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। 50 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना से क्षेत्रवासियों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल पाटीदार ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी नींव हैं। यदि शासन इन दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेता है तो खवासा क्षेत्र के हजारों युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों का भविष्य संवर सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए शासन से जल्द से जल्द कॉलेज और 50 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।




