मेघनगर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न,,,,मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित….

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
नगर के स्थानीय प्राचीन शंकर मंदिर परिसर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय तहसीलदार महोदय विजय कांत जी पांडे एवं थाना प्रभारी दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में तहसीलदार ने जहां बच्चों को प्रशासनिक सेवा में भविष्य बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया तो वही श्री कृष्ण और भक्त सुदामा की मित्रता का सुंदर वर्णन किया ।
थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं, ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करने से उनका हौसला बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सदैव लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
पुरस्कार पाकर प्रसन्न हुए विद्यार्थी
अतिथियों के हाथों पुरस्कार पाकर मेधावी विद्यार्थी बेहद प्रसन्न और उत्साहित नजर आए। उन्होंने इस सम्मान के लिए समाज का आभार व्यक्त किया। प्राचीन शंकर मंदिर परिसर में आयोजित इस समारोह में सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, विद्यार्थियों के अभिभावक और पत्रकार गण मौजूद रहे। पूरा आयोजन स्थल समाज की एकजुटता और प्रतिभाओं के सम्मान के उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठ जनों ने सभी का आभार व्यक्त किया।




