थांदला

दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, रेस्ट एरिया से हटाया अतिक्रमण,,,पुलिस, राजस्व और एक्सप्रेसवे प्रबंधन की संयुक्त कार्रवाई, जब्त किया सामान, दोबारा अतिक्रमण पर दी सख्त चेतावनी…

थांदला@आयुष पाटीदार 

झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेस्ट एरिया में किए गए अतिक्रमण को हटाया। हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के दौरे और उनके सख्त निर्देशों के बाद पुलिस, राजस्व विभाग और 8 लेन एक्सप्रेसवे प्रबंधन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की और कब्जा किए गए सामान को भी जब्त किया।

गौरतलब है कि भारतमाला परियोजना के तहत बने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के थांदला स्थित टिमरवानी टोल से रतलाम तक के हिस्से में रेस्ट एरिया पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। यहां पेट्रोल पंप और होटल शुरू नहीं होने का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने अस्थायी कब्जे कर लिए थे। इतना ही नहीं, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और शराब बिक्री की शिकायतें भी सामने आ रही थीं। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही थी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के पालन में मंगलवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पूरे रेस्ट एरिया को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया गया और भविष्य में दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इस संयुक्त अभियान में थांदला एसडीओपी राजेश सुलिया, थाना प्रभारी अशोक कनेश, काकनवानी थाना प्रभारी तारा मंडलोई, तहसीलदार सुखदेव सिंह डावर, 8 लेन एक्सप्रेसवे प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!