ग्राम पंचायत परवलिया से आर्याव्रत पत्रकार संघ ने भरी ऐतिहासिक उड़ान,,,सेकड़ो पत्रकारों की मौजूदगी में प्रतिभाओं और पत्रकारों का हुआ भव्य सम्मान,,,हमारा एक-एक पत्रकार हजार के बराबर है धर्मेंद्र अग्निहोत्री…

आर्याव्रत पत्रकार संघ के ‘उड़ान’ समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, पत्रकार हितों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म की घोषणा
थांदला@उमेश पाटीदार
आमतौर पर बड़े सम्मेलन शहरों में आयोजित होते हैं, लेकिन झाबुआ जिले के छोटे से गांव परवलिया में रविवार को पत्रकार एकता और संगठन शक्ति का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी गूंज अब प्रदेश ही नहीं, देशभर में सुनाई देगी। आर्याव्रत पत्रकार संघ द्वारा आयोजित ‘उड़ान’ पत्रकार मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जिलों से सैकड़ो पत्रकारों ने भाग लेकर एकजुटता, सम्मान और संगठन के नए संकल्प को मजबूती प्रदान की।
आयोजन का शुभारंभ मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों एवं पत्रकारों का तिलक लगा कर आत्मीय स्वागत किया गया। आयोजन में राष्ट्रीय संरक्षक दिलीपसिंह चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सलीम शेरानी, राष्ट्रीय सचिव कमलसिंह सोलंकी, राष्ट्रीय महासचिव राकेश सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विजय नीमा, प्रदेश प्रवक्ता महेश पाटीदार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
पत्रकारों की ताकत संगठन और समर्पण में है : अग्निहोत्री
राष्ट्रीय अध्यक्ष अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन केवल नाम और सदस्य संख्या से नहीं, बल्कि अपने कार्यों और सक्रियता से पहचाने जाते हैं। आर्याव्रत पत्रकार संघ देशभर के पत्रकारों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार कर रहा है, जिसमें पत्रकारों का प्रमाणित डाटा उपलब्ध रहेगा और जरूरत के समय उन्हें संगठनात्मक सहायता मिल सकेगी।

कुछ संगठन लाखों सदस्यों का दावा करते हैं, लेकिन धरातल पर शून्य है। आर्याव्रत पत्रकार संघ का एक-एक पत्रकार हजार पत्रकारों के बराबर है। हमारी ताकत संख्या नहीं, बल्कि संगठन, समर्पण और संघर्ष की भावना है। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और आकस्मिक सहायता के लिए संगठन हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा।
गांव से शुरू हुई पहल, राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ता संगठन शेरानी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलीम शेरानी ने कहा कि संघ के पहले बड़े सम्मेलन का गांव से प्रारंभ होना और उसमें इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों की भागीदारी संगठन के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन साबित करता है कि पत्रकारों की एकता किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं है। साथ ही कमल सिंह सोलंकी, दिलीप सिंह चौहान, राकेश सिंह चौहान ने भी संबोधित किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला सम्मान का मंच
समारोह में ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को नई पहचान दी गई। कक्षा 10वीं की सुमन प्रभु भूरिया, कक्षा 12वीं के प्रदीप प्रेमसिंह निनामा, उभरती प्रतिभा रितिका पाटीदार, अधिवक्ता मयूरी राजू धानक, कवि आशीष नागर तथा सोशल मीडिया क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले राकेश डाबी एवं प्रफुल्ल धामनिया सहित कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों का भी सम्मान कर उन्हें स्मृति चिन्ह स्वरूप बैग भेंट किए गए।
आयोजन को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष विवेक व्यास, तहसील अध्यक्ष धीरज वाघेला, इमरान खान, संदीप खत्री, कुलदीप वर्मा, नीलिमा डाबी, सोहनसिंह परमार, हितेश पंचाल, कौस्तुभ व्यास, माणकलाल जैन, बंटी भारती, पीयूष राठौड़, जीवन राठौड़, चिंटू देवाणा, अर्जुनसिंह राठौड़ एवं उमेश पाटीदार सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता महेश पाटीदार एवं पवन नाहर ने किया, आभार तहसील अध्यक्ष धीरज वाघेला ने व्यक्त किया।
परवलिया से देशभर तक पहुंचेगा एकता का संदेश
परवलिया की धरती से शुरू हुई यह ‘उड़ान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकता, सम्मान और अधिकारों के लिए शुरू हुए नए अभियान का प्रतीक बन गई है। आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब पत्रकार संगठित होते हैं तो वे केवल खबरें नहीं लिखते, बल्कि समाज और अपने अधिकारों के लिए भी सशक्त आवाज बनते हैं।




