खवासा में राजस्व जनसमस्या निवारण शिविर, मौके पर सुलझे कई विवाद,,,अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल का भी किया निरीक्षण….

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
ग्राम पंचायत खवासा के पंचायत भवन में शुक्रवार को राजस्व विभाग द्वारा राजस्व जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) भास्कर गाचले एवं तहसीलदार सुखदेव डावर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी राजस्व संबंधी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की गई।

शिविर के दौरान तलावड़ा और नारेला गांव के बीच लंबे समय से चले आ रहे रास्ता विवाद का आपसी सहमति से समाधान कराया गया। वहीं किसानों की सुविधा के लिए नई फार्मर आईडी बनाई गई तथा परवाड़ा गांव के एक प्रकरण में रजिस्ट्री का नामांतरण भी मौके पर ही किया गया।

शिविर के बाद एसडीएम भास्कर गाचले एवं तहसीलदार सुखदेव डावर ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न शासकीय सेवाओं का निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खवासा पहुंचकर उन्होंने अस्पताल की जर्जर बाउंड्री वॉल का निरीक्षण किया और सुरक्षा की दृष्टि से पंचायत सचिव को इसे शीघ्र पुनर्निर्मित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने उप लोक सेवा केंद्र एवं आधार केंद्र का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सांदीपनी विद्यालय का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की। जांच में भोजन शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुरूप पाया गया, जिस पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान एसडीएम भास्कर गाचले, तहसीलदार सुखदेव डावर, खवासा के पटवारी दिनेश राणा सहित थांदला अनुभाग के राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने समस्याओं के त्वरित समाधान पर प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




