खवासा चौकी क्षेत्र में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत….!

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
थांदला थाना खवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परवाड़ा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शर्मिला (7 वर्ष) एवं शैलेश (6 वर्ष), पिता दीवान कटारा, निवासी ग्राम परवाड़ा, के तालाब में खवासा पुलिस को डूबने की सूचना मिली थी। दोनों बच्चों के परिवार का खेत तालाब के पास ही स्थित है और उनका वहां आना-जाना लगा रहता था। बताया जा रहा है कि खेत तक पहुंचने के लिए तालाब को पार करना पड़ता है, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तालाब पार करते समय दोनों बच्चे डूब गए होंगे।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मछली पकड़ रहे धन्ना पिता कोदर मेड़ा ने तालाब में जाल डाला। जाल खींचने पर दोनों बच्चे उसमें फंसे हुए मिले, जिससे हादसे की जानकारी सामने आई। इसके बाद तत्काल बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस को सूचना दी गई।
दोनों शवों को खवासा अस्पताल लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्चे अपने दादा-दादी के साथ रहते थे, लेकिन वे दोनों किसी काम से बाहर गए हुए थे। वहीं, बच्चों के माता-पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है और वे वापस घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
सूचना मिलते ही थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश एवं खवासा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।




