इंदौर-रतलाम में बदला स्कूलों का समय; अब झाबुआ की बारी, नवागत कलेक्टर डॉ. भरसट पर टिकीं निगाहें,,,क्या झाबुआ में भी बदलेगा स्कूल का समय..?

झाबुआ@आयुष पाटीदार
अन्य जिलों के साथ-साथ अब झाबुआ में भी सूरज की तपिश बेहाल करने लगी है। दोपहर के समय लू और बढ़ते तापमान के कारण आम जनता का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। इसी कड़ी में इंदौर और रतलाम जैसे पड़ोसी जिलों में प्रशासन ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब झाबुआ जिले में भी अभिभावकों और आम लोगों के बीच यह मांग जोर पकड़ने लगी है कि छोटे बच्चों के लिए स्कूलों का समय सुबह का किया जाए।

भीषण गर्मी के कारण बच्चों के बीमार होने का डर बना रहता है, जिसे देखते हुए जिले के लोग सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अपनी बात प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं।
अब सबकी निगाहें झाबुआ के नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट पर टिकी हैं। जनता को उम्मीद है कि कलेक्टर साहब बच्चों की परेशानी को समझते हुए जल्द ही स्कूलों के समय में परिवर्तन का आदेश जारी करेंगे, ताकि मासूम बच्चों को दोपहर की झुलसाने वाली धूप से बचाया जा सके। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बढ़ती गर्मी को देखते हुए क्या कदम उठाता है।




