थांदला

8 लेन हाईवे पर नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं थांदला पुलिस की बड़ी कार्रवाई,,,दोपहिया वाहनों के कटे चालान,,,थाना प्रभारी अशोक कनेश ने दी सख्त चेतावनी…

#Jhabuahulchul 

थांदला@आयुष पाटीदार 

8 लेन हाईवे पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर अब पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। प्रतिबंध के बावजूद मोटरसाइकिल, स्कूटी, ट्रैक्टर सहित अन्य धीमी गति के वाहन बेखौफ होकर 8 लेन मार्ग पर दौड़ते दिखाई दे रहे थे। इसी को गंभीरता से लेते हुए थांदला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले दोपहिया वाहन चालकों के चालान बनाए गए और उन्हें सख्त हिदायत दी गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई वाहन चालकों को रोका, दस्तावेजों की जांच की और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। पुलिस का कहना है कि कुछ लोग कुछ मिनटों का समय बचाने के लालच में अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। तेज रफ्तार से दौड़ते भारी वाहनों के बीच दोपहिया वाहनों का प्रवेश कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

थाना प्रभारी अशोक कनेश ने कहा कि 8 लेन हाईवे पर प्रतिबंधित वाहनों की आवाजाही पूरी तरह नियम विरुद्ध है। सड़क सुरक्षा को देखते हुए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। साथ ही चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ सख्त कदम भी उठाए जाएंगे।

वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर जगह-जगह बने अवैध एवं अनावश्यक कट पॉइंट्स को बंद किया जाए, क्योंकि इन्हीं रास्तों से वाहन चालक आसानी से हाईवे पर प्रवेश कर जाते हैं। लोगों का मानना है कि यदि इन कट पॉइंट्स को बंद कर दिया जाए तो सड़क हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!