थांदला के कलदेला में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत, एक गंभीर…

थांदला@आयुष पाटीदार
थांदला थाना क्षेत्र के ग्राम कलदेला में रविवार को खेत में किसानी कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसके नीचे दबने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कलदेला निवासी दीवान पिता माना भाबोर (33 वर्ष) एवं मथियास पिता कसन अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
हालांकि तब तक दीवान की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल मथियास को तत्काल थांदला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल झाबुआ रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थांदला पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।




