पेटलावद

कलेक्टर के निर्देश पर बीआरसी ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश…

पेटलावद डेस्क। कलेक्टर के निर्देशानुसार शुक्रवार को विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने संकुल केंद्र बालक बामनिया एवं रामपुरिया क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, छात्र हित से जुड़े विभिन्न कार्यों तथा शैक्षणिक गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नवीन प्राथमिक विद्यालय सेमल फला (रामपुरिया), प्राथमिक विद्यालय माता फलिया (रामपुरिया), उत्कृष्ट प्राथमिक विद्यालय रामपुरिया तथा नवीन प्राथमिक विद्यालय सुएडी फलिया दुलाखेड़ी का भ्रमण किया गया।

प्राथमिक विद्यालय माता फलिया के निरीक्षण में विद्यालय किराए के भवन में संचालित पाया गया। इस दौरान बीआरसी श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने भवन में पर्याप्त प्रकाश एवं पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने तक वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू रखने के लिए कहा।

निरीक्षण के दौरान बीआरसी ने विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, अपार आईडी, विद्यार्थियों को गणवेश वितरण, खातों के अद्यतन की स्थिति, छात्रवृत्ति, चाइल्ड ट्रैकिंग, ड्रॉप बॉक्स, यू-डायस में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या, दैनिक उपस्थिति तथा कक्षा पहली में नामांकन की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को सभी अभिलेख समय पर अद्यतन रखने और शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पर बीआरसी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षकों को पालकों से व्यक्तिगत संपर्क करने तथा आगामी दो दिनों में विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना विद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार ही तैयार किया जाए। साथ ही प्रतिदिन तैयार भोजन का एक फोटो संबंधित व्हाट्सएप समूह में साझा किया जाए तथा भोजन का नमूना प्रतिदिन सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी जांच की जा सके।

बीआरसी श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालयों में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से सुधारने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!