पेटलावद

प्राइवेट स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, छात्र सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश…

पेटलावद डेस्क। कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार सफलता हायर सेकेंडरी स्कूल, पेटलावद में क्षेत्र के समस्त अशासकीय (प्राइवेट) विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने की। बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की सुरक्षा, ऑनलाइन कार्यों की समयबद्धता तथा शासन के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्राचार्यों को निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी विद्यालयों में संचालित स्कूल बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्रों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक बस में एक अटेंडर की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही परिवहन संबंधी सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि पाठ्यपुस्तकों एवं स्कूल यूनिफॉर्म की खरीद के लिए किसी भी पालक पर किसी विशेष दुकान से सामग्री खरीदने का दबाव नहीं बनाया जाएगा। विद्यालयों द्वारा अधिकृत दुकानों की सूची सूचना पटल पर प्रदर्शित की जाए तथा उसकी एक प्रति बीआरसी कार्यालय में भी जमा कराई जाए।

इसके अलावा विद्यार्थियों के नामांकन, अपार आईडी, छात्रवृत्ति सहित सभी ऑनलाइन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की अद्यतन जानकारी विद्यालय के सूचना पटल पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

खंड स्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने कहा कि प्रत्येक निजी विद्यालय अपनी आवश्यक जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करे। जिन संस्थाओं द्वारा निर्धारित जानकारी समय पर पोर्टल पर दर्ज नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

बैठक में बीएसी, सीएसी तथा बीआरसी कार्यालय का स्टाफ भी उपस्थित रहा। सभी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रभारियों ने शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन करने तथा विद्यार्थियों के हित में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!