झाबुआ-रानापुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तीन गंभीर घायल; मौके से गुजर रहे तहसीलदार ने दिखाई तत्परता…

झाबुआ@आयुष पाटीदार
झाबुआ-रानापुर मार्ग पर पाड़लवा के पास शनिवार शाम दो बाइक की भिड़ंत में एक महिला सहित तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक सवार झाबुआ की तरफ से रानापुर की ओर जा रहे थे, तभी एक बाइक ने दूसरी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों चालक एवं एक महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के दौरान झाबुआ से रानापुर की ओर आ रहे तहसीलदार हुकमसिंह निगवाल वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत रुककर मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। तहसीलदार के निर्देश पर घायल महिला एवं एक पुरुष को तत्काल एक निजी वाहन से, जबकि घायल पुरुष को एम्बुलेंस के माध्यम से रानापुर चिकित्सालय पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है, वह क्षेत्र पहले से ही ‘हादसा पॉइंट’ के रूप में कुख्यात है और यहाँ पूर्व में भी कई बार गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। टीआई दिनेश रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पहुंचे तब तक घायलों को उपचार के लिए भेजा जा चुका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




