पेटलावद में झपटमारी का पर्दाफाश: 2.70 लाख की चेन बरामद, देशी कट्टा सहित आरोपी गिरफ्तार…

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। झाबुआ जिले के पेटलावद क्षेत्र में हुई सनसनीखेज झपटमारी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से ₹2,70,000 कीमत की सोने की चेन, एक 12 बोर देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को फरियादिया श्रीमती निशा भण्डारी अपनी पोती को कोचिंग छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान उदय गार्डन के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद थाना पेटलावद में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम खवासा निवासी 23 वर्षीय आरोपी सुनिल वसुनिया को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोशन माल के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना कबूल किया। साथ ही बामनिया रेलवे फाटक के पास एक गल्ला व्यापारी के साथ मारपीट कर झपटमारी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटी गई सोने की चेन सफलतापूर्वक बरामद कर ली है, जबकि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
जप्त सामग्री:
सोने की चेन (कीमत लगभग ₹2,70,000)
12 बोर देशी कट्टा
1 जिंदा कारतूस
सराहनीय योगदान:
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पेटलावद निर्भयसिंह भूरिया, उ.नि. अर्चना चौहान, उ.नि. गोवर्धन मकवाना, उ.नि. हीरालाल मालीवाड, सउनि लाखनसिंह भाटी, प्रआर भगतसिंह, पवन चौहान, विजेन्द्रसिंह, रविन्द्र अमलियार, पप्पुसिंह एवं आरक्षक राहुल मुजाल्दा, रविन्द्र बरडे, राकेश डामर, राजेन्द्र परिहार व तकनीकी टीम का सराहनीय योगदान रहा।




