भगवा रंग में रंगा रामनगर, हर ओर दिखी भक्ति की झलक…

पेटलावद@डेस्क रिपोर्ट
झाबुआ मार्ग स्थित ग्राम रामनगर में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 20 फरवरी से 24 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। सनातन धर्म में किसी भी मांगलिक कार्य से पहले देव पूजन और कलश स्थापना का विशेष महत्व होता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए सोमवार को श्रीराम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में पाटीदार समाज के युवा, महिलाएं और युवतियां बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। भजनों, ढोल और थाली की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
यात्रा का नेतृत्व पंडित दिनेश जी शर्मा (इंदौर) द्वारा किया गया, जो पूरे समय श्रद्धालुओं के साथ उपस्थित रहे। इसी के साथ पंचकुंडी यज्ञ का भी शुभारंभ हुआ, जिसमें ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
इन दिनों पूरा गांव भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। जगह-जगह भगवा ध्वजों से सजी सड़कें और सुसज्जित मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।





