टोना-टोटकों के बीच मेहरबान हुए इंद्रदेव, झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले…

रायपुरिया@राजेश राठौड़
करीब 15 दिनों तक बारिश नहीं होने से चिंतित किसानों के लिए बुधवार का दिन राहत लेकर आया। मंगलवार को गांव में परंपरागत मान्यताओं के अनुसार उज्जैनी की रस्म निभाई गई। ग्रामीण अपने-अपने खेतों में भोजन बनाकर इंद्रदेव को नैवेद्य अर्पित किया और अच्छी वर्षा की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की। वहीं, गांव में पारंपरिक टोना-टोटके के तहत दूल्हे को गधे पर उल्टा बैठाकर श्मशान घाट तक घुमाया गया।
मंगलवार सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हुई, जो बुधवार को सावन जैसी झमाझम वर्षा में बदल गई। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। किसान चिमन मुनिया ने बताया कि इस बारिश से मक्का, कपास और सोयाबीन की फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा। सूखे के कारण मुरझाने लगे कपास के पौधे अब फिर से बढ़ने लगेंगे।
बारिश के बाद रायपुरिया बाजार में भी रौनक लौट आई। खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयों की दुकानों पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसान खेतों में फसल की बढ़वार के लिए आवश्यक उर्वरक और कृषि सामग्री की खरीदारी करते नजर आए।
ग्रामीण अंबु डामोर ने मुस्कुराते हुए कहा कि “लगता है, इस बार पुराना टोटका काम कर गया।” हालांकि मौसम में बदलाव प्राकृतिक कारणों से होता है, लेकिन ग्रामीणों ने अच्छी बारिश को अपनी पारंपरिक आस्था से जोड़कर खुशी व्यक्त की।




