रायपुरिया

रायपुरिया विद्यालय का परीक्षा परिणाम शानदार, बेटियों ने बढ़ाया मान…

रायपुरिया@राजेश राठौड़ 

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुरिया का इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा। विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 96 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं का परिणाम 98 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

कक्षा 12वीं में कृषि संकाय की छात्रा सुश्री जयंश्री मेहसन ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 10वीं में कु. आशा योगी ने 87 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और उनकी मेहनत व लगन की सभी ने सराहना की।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना वर्मा एवं समस्त शिक्षकगणों ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

विशेष बात यह रही कि दोनों टॉपर बालिकाओं के माता-पिता मजदूरी कार्य करते हैं। विषम परिस्थितियों के बावजूद बेटियों ने यह मुकाम हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। इस उपलब्धि पर बालिकाओं के माता-पिता ने विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों एवं सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की, वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर गर्व जताया।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!