झाबुआ

कलेक्टर ने किया खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण: किसानों की समस्याओं के समाधान और तौल गति बढ़ाने के निर्देश…

रायपुरिया@राजेश राठौड़ 

झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बुधवार को रायपुरिया क्षेत्र के छापरापाड़ा स्थित गेहूं खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।

निरीक्षण के दौरान किसान पुनमचन्द्र, कालुराम, कृष्णा, राजु डुगाजी, प्रकाश और अनिल ने कलेक्टर को बताया कि गेहूं स्लॉट बुकिंग की अवधि मात्र 7 दिन की होती है। किसानों की चिंता यह है कि लंबी कतारों के कारण, जैसे किसी का ट्रैक्टर 25वें नंबर पर खड़ा है, उनकी यह 7 दिन की समय सीमा समाप्त हो रही है। पोर्टल पर पुराना स्लॉट डिलीट करने का विकल्प न होने से किसान मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।

किसानों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. भरसट ने आश्वस्त किया कि जिन किसानों की स्लॉट अवधि 7 तारीख को समाप्त हो रही है, उनका गेहूं समय सीमा के भीतर या उसके तुरंत बाद प्राथमिकता से तौला जाएगा। उन्होंने किसानों से भी व्यवस्था बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की।

व्यवस्था में सुधार हेतु कलेक्टर ने मौके पर ही कड़े निर्देश जारी किए कि केंद्र पर तौल के लिए कुल 7 कांटें (तौल मशीनें) तत्काल चालू किए जाएं ताकि प्रक्रिया में तेजी आए। साथ ही, उन्होंने खरीदी का समय सुबह 7:00 बजे से निर्धारित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक किसानों का माल दिन भर में तौला जा सके। केंद्र के आंकड़ों के अनुसार अब तक कुल 920 पंजीकृत किसानों में से 507 किसानों के गेहूं की खरीदी सफलतापूर्वक की जा चुकी है। शेष किसानों के लिए प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु प्रशासन अब मुस्तैद नजर आ रहा है। इस दौरान एसडीएम तनुश्री मीणा, तहसीलदार अनिल बघेल भी साथ रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!