
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
थांदला एसडीएम भास्कर गाचले द्वारा आज खवासा क्षेत्र में संचालित इंडियन ऑयल एवं आईजी के पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेट्रोल पंपों के स्टॉक पंजीयों का गहन अवलोकन कर वर्तमान स्टॉक का मिलान किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम श्री गाचले ने पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की बोतल अथवा डिब्बों में पेट्रोल-डीजल का विक्रय नहीं किया जाए। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन के निर्धारित मूल्य का स्पष्ट रूप से प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का भी अवलोकन किया। पेट्रोल पंप संचालकों को शौचालय, वाहनों में निशुल्क हवा भरने सहित अन्य वैकल्पिक सुविधाओं को सुचारू रूप से संचालित करते रहने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम श्री गाचले ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा नियमों का पालन नहीं करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




