जो हेलमेट पहनकर निकले… उन्हें मिला सम्मान का गुलाब, क्योंकि परिवार के लिए आप हैं अनमोल…

#Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
यह गुलाब का फूल सिर्फ आपका सम्मान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है। यह गुलाब बताता है कि आप अपने जीवन और अपने परिवार की सुरक्षा को कितना महत्व देते हैं। आपके लिए आपका परिवार महत्वपूर्ण है और आपके परिवार के लिए आप अनमोल हैं।
यूं ही नहीं थाना प्रभारी अशोक कनेश एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आपको गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान इस बात का प्रतीक है कि आपने हेलमेट को बोझ नहीं, बल्कि दुर्घटना से बचाने वाले “ब्रह्मास्त्र” के रूप में अपनाया है।
खवासा में महासघन चेकिंग अभियान के तहत थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश, एसडीएम भास्कर गालचे, तहसीलदार सुखदेव डावर, नायब तहसीलदार राजेश जमरा, पटवारी दिनेश राणा सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने चालान बनाने से ज्यादा लोगों को समझाइश देने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि चालान तो सिर्फ एक दिन जेब पर बोझ बनता है, लेकिन यातायात नियमों का पालन जीवनभर सुरक्षा देता है।
इसी कड़ी में हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वालों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं साइलेंसर निकालकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के चालान बनाए गए। कुछ लोगों को उठक-बैठक लगवाकर स्कूल शिक्षक की तरह समझाइश भी दी गई, ताकि वे भविष्य में यातायात नियमों का पालन करें।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में जागरूकता लाकर उनका जीवन सुरक्षित बनाना रहा।





