पेट्रोल पंप सूने, दुकानों पर धंधा जोरों पर,,,खवासा में ₹200 लीटर पेट्रोल बेचने की चर्चा..!

#Jhabuahulchul
खवासा@आनंदीलाल सिसोदिया/आयुष पाटीदार
झाबुआ जिले के खवासा नगर में इन दिनों पेट्रोल की खुलेआम बिक्री को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। नगर के कई दुकानों पर बोतलों और केनों में पेट्रोल बेचे जाने की बात सामने आ रही है। इतना ही नहीं, लोगों का आरोप है कि जरूरतमंदों से ₹200 प्रति लीटर तक की कीमत वसूली जा रही है, जिससे आम जनता में भारी नाराजगी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शासन और प्रशासन की ओर से पेट्रोल-डीजल को बोतल या केन में बेचने पर सख्त प्रतिबंध है। इसके बावजूद यदि नगर में खुलेआम पेट्रोल बेचा जा रहा है तो आखिर यह किसकी शह पर हो रहा है..? आखिर जिम्मेदार विभाग की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ रही..?
वहीं खवासा नगर में स्थित थांदला रोड के दोनों पेट्रोल पंप पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं होने के कारण बंद पड़े बताए जा रहे हैं। ऐसे में यह सवाल और भी गंभीर हो जाता है कि जब पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध नहीं है, तब दुकानदारों तक पेट्रोल आखिर पहुंच कहां से रहा है..?
नगर में यह भी चर्चा है कि कई छोटी-बड़ी दुकानों पर जरूरतमंद लोगों को ऊंचे दामों पर पेट्रोल दिया जा रहा है। यदि यह सच है तो यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद गंभीर मामला है। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण पेट्रोल को बिना सुरक्षा मानकों के दुकानों में रखना किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकता है।



