खवासाथांदला

यह स्कूल है या हादसे का इंतजार करता खंडहर…?..जर्जर छत से बाहर निकली सरिया, डर के साए में पढ़ रहे नौनिहाल..!

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

सरकार भले ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे करती हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलावड़ा-केसरपुरा के शासकीय स्कूल की बदहाल स्थिति देखकर हर कोई हैरान है। जिस भवन में बैठकर बच्चे अपने सुनहरे भविष्य के सपने देखते हैं, वही भवन अब उनके लिए खतरे का कारण बन चुका है।

स्कूल की छत इतनी जर्जर हो चुकी है कि उसमें से लोहे की सरिया बाहर निकलकर दिखाई दे रही हैं। जगह-जगह से छत का प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। हालात यह हैं कि बच्चों और शिक्षकों को हर दिन डर के माहौल में समय बिताना पड़ रहा है। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।

किताबें हाथ में हैं, लेकिन सिर पर खतरा मंडरा रहा है…

यह तस्वीर उस व्यवस्था की कहानी बयां कर रही है जहां एक तरफ बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें बैठने के लिए सुरक्षित भवन तक उपलब्ध नहीं है।

 

स्कूल के कमरों में बैठने वाली जगह भी अपनी बदहाली की कहानी खुद बता रही है। जहां मासूम बच्चे बैठकर पढ़ाई करते हैं, वहां डीपीसी सीमेंट पूरी तरह कमजोर हो चुकी है। स्थिति इतनी खराब है कि पैर रखते ही सीमेंट उखड़ने लगी है। ऐसा लगता है मानो वर्षों से इस भवन की सुध लेने वाला कोई नहीं आया हो।

ग्रामीणों का कहना है कि इस स्कूल में आसपास के गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ने आते हैं। इन बच्चों के पास बेहतर सुविधाओं की उम्मीद तो है, लेकिन स्कूल भवन की हालत उनके लिए परेशानी बन गई है। अभिभावकों को चिंता है कि कहीं जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा उनके बच्चों को न भुगतना पड़े।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्कूल की इस हालत को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर जर्जर भवन की मरम्मत करवाई जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!