जिला स्तरीय समिति एवं निगरानी समिति के सदस्य बने वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश जाटव, क्षेत्र में हर्ष का माहौल..

पेटलावद डेस्क। पेटलावद निवासी पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश जाटव को जिला स्तरीय समिति एवं निगरानी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कैबिनेट मंत्री विजय शाह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष भानु भूरिया की सहमति से किया गया है।
जगदीश जाटव के मनोनयन की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं नगर के नागरिकों में खुशी का माहौल देखा गया। अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ करेंगे तथा जिले के विकास कार्यों की निगरानी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जगदीश जाटव लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे नगर परिषद पेटलावद में दो बार पार्षद रह चुके हैं तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। राजनीतिक क्षेत्र के साथ-साथ वे सामाजिक गतिविधियों में भी लगातार सक्रिय रहते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के हित में कार्य करते रहे हैं।
उनके इस मनोनयन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने आशा व्यक्त की है कि जगदीश जाटव अपने अनुभव और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



