खवासा
खवासा:- सांप के डसने से 2 वर्षीय बालिका की मौत, खेलते-खेलते छिन गई मासूम की जिंदगी…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
खवासा चौकी अंतर्गत बामनिया रोड स्थित टोडा फालिया में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है जहां घर के आंगन में खेल रही 2 वर्षीय मासूम बालिका की सांप के काटने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत बालिका की पहचान साक्षी पिता देवानंद डामर, उम्र 2 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साक्षी अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी अचानक उसे सांप ने काट लिया। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर।




