नवागत सीएमएचओ डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर का औचक निरीक्षण व प्रथम आगमन पर अधिकारीयो कर्मचारियों द्वारा स्वागत किया गया..

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर पर नवागत सीएमएचओ डॉ. एम.एल.चोपड़ा के प्रथम आगमन पर बीएमओ डॉ. विनोद नायक, चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसीम, स्टोर प्रभारी प्रदीप नायक, बी.ई.ई.अभिषेक बिलवाल, बी.पी.एम. अनिल बिलवाल, सीसीएच दीपक परमार, एनएमए डी.आर.सोनवानी, इंचार्ज नर्सिंग ऑफिसर अनिता मोटवानी सहित समस्त नर्सिंग अधिकारियों ने नवागत सीएमएचओ डॉ. एम.एल. चोपड़ा का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
मेघनगर- नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एल. चोपड़ा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति तथा सार्थक ऐप के माध्यम से नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. चोपड़ा ने कहा कि अस्पताल में आने वाले हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें बेहतर और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, प्रसूति कक्ष एवं रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों एवं एएनसी हितग्राहियों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उनके विचार और समस्याएं भी जानीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में चिकित्सकों की कमी के संबंध में चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पद प्रदर्शित नहीं होने की समस्या के बावजूद शीघ्र निराकरण के प्रयास किए जाएंगे। वहीं रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु गार्ड की समस्या के समाधान के लिए संबंधित आउटसोर्स कंपनी से चर्चा करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला स्तर से डीएचओ डॉ. देवेंद्र भायल, डीएचओ डॉ. हेमंत देवड़ा एवं डिप्टी एमईआईओ प्रेम डेनियल उपस्थित रहे।




