खवासा

‘हौसले हों बुलंद तो मंजिल दूर नहीं’ सपनों को दी उड़ान, मेहनत से लिखी कामयाबी की कहानी,,SSC स्टेनोग्राफर बनी खुशी पाटीदार…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। इस बात को सच साबित कर दिखाया है गाँव की होनहार बेटी खुशी पाटीदार ने। खुशी ने घर पर रहकर ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से लगातार दो वर्षों तक कड़ी मेहनत की और केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की स्टेनोग्राफर परीक्षा उत्तीर्ण कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं पूरे गाँव और क्षेत्र में गर्व की लहर दौड़ गई है।

झाबुआ हलचल को जानकारी देते हुए खुशी पाटीदार ने बताया कि उन्होंने अपनी पहली कक्षा से लेकर स्कूली शिक्षा खवासा नगर स्थित सत्य साईं कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की। आगे की पढ़ाई उन्होंने घर पर रहकर पूरी लगन और अनुशासन के साथ की। करीब दो वर्षों तक ऑनलाइन माध्यम से अध्ययन करते हुए उन्होंने दिन-रात मेहनत की और अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा।

आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने SSC स्टेनोग्राफर परीक्षा में सफलता प्राप्त कर ली।

खुशी ने बताया कि तैयारी के दौरान कई चुनौतियाँ भी सामने आईं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने आत्मविश्वास को बनाए रखा और निरंतर मेहनत करती रहीं। उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि इरादे मजबूत हों तो घर पर रहकर भी बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

खुशी पाटीदार ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने सभी गुरुजनो तथा विशेष रूप से अपने नाना-नानी को दिया। उन्होंने कहा कि गुरुजनों के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और नाना-नानी के आशीर्वाद ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

खुशी ने भावुक होकर कहा कि कठिन समय में परिवार ने उनका हौसला बढ़ाया, जिसके कारण वह अपने सपने को साकार कर सकीं।

उन्होंने कहा मेरी सफलता केवल मेरी नहीं, बल्कि मेरे गुरुजनों, नाना-नानी के आशीर्वाद व विश्वास का परिणाम है। उनके बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।”

गाँव की बेटी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सफलता के लिए बड़े शहरों या महंगे कोचिंग संस्थानों की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि मजबूत इरादे, मेहनत और आत्मविश्वास ही इंसान को ऊँचाइयों तक पहुंचाते हैं। खुशी पाटीदार आज क्षेत्र की उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं।

खुशी की इस सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों तथा ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। गाँव के लोगों का कहना है कि “बेटियाँ अगर ठान लें, तो वे अपने सपनों के साथ-साथ पूरे समाज का भविष्य भी बदल सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!