बामनिया चौकी की लंबित मांग पूरी, नवागत एसपी पाटीदार ने किए स्थानांतरण…

बामनिया@जितेंद्र बैरागी
बामनिया पुलिस चौकी में लंबे समय से लंबित पुलिस बल की मांग को पूरा करते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने कई पुलिस कर्मियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इसके तहत चौकी से कुछ पुलिसकर्मियों का अन्य स्थानों पर स्थानांतरण किया गया है, वहीं नए पुलिसकर्मियों की पदस्थापना भी बामनिया चौकी पर की गई है।
स्थानांतरण आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक रविंद्र अमलियार को रायपुरिया थाना, आरक्षक कांतिलाल पारगी को थाना झाबुआ, आरक्षक विजय सोलंकी को थाना थांदला, आरक्षक अनिल मोरे को चौकी खवासा तथा आरक्षक दिनेश डोडिया को चौकी खवासा स्थानांतरित किया गया है।
इन सभी पुलिसकर्मियों ने बामनिया चौकी में अपने कार्यकाल के दौरान पारदर्शी एवं जिम्मेदार कार्यशैली का परिचय दिया। विशेष रूप से प्रधान आरक्षक रविंद्र अमलियार एवं आरक्षक विजय सोलंकी ने स्थानीय नागरिकों तथा मुखबिर तंत्र के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए अपनी स्वच्छ और सकारात्मक छवि स्थापित की।
महिला पुलिस कर्मी की मांग हुई पूरी
बामनिया क्षेत्र में बढ़ती आवश्यकताओं और विभिन्न प्रकार के मामलों को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा लंबे समय से महिला पुलिस कर्मी की पदस्थापना की मांग की जा रही थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए एसपी देवेंद्र पाटीदार ने महिला आरक्षक संगीता गणावा का पेटलावद से बामनिया चौकी में स्थानांतरण किया है।
इसके अलावा आरक्षक राजेश परमार (डीआरपी लाइन), आरक्षक कैलाश गोयत (यातायात शाखा) तथा आरक्षक भगवती गणावा (डीआरपी लाइन, झाबुआ) को भी बामनिया चौकी पर नवीन पदस्थापना दी गई है।



