रातभर डीजे पर थिरकी मासूम, सुबह बदला व्यवहार; बहकी-बहकी बातें और अजीब हरकतों से परिवार परेशान…

#Jhabuahulchul
बामनिया@जितेंद्र बैरागी
शादी समारोह की खुशियां एक परिवार के लिए चिंता का विषय बन गईं। क्षेत्र की करीब 8 से 10 वर्षीय बालिका रवीना पिता दिनेश खराड़ी की मानसिक स्थिति उस समय असामान्य नजर आने लगी, जब वह एक विवाह समारोह में रातभर डीजे की तेज धुनों पर नाचती रही। अगले ही दिन बच्ची को तेज बुखार आया और उसके बाद से उसका व्यवहार बदल गया।
परिजनों के अनुसार करीब सात दिन पहले परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में देर रात तक डीजे और नाच-गाने का कार्यक्रम चलता रहा, जिसमें रवीना भी लगातार रातभर नाचती रही। सुबह होते ही बच्ची को तेज बुखार आ गया। बुखार के साथ ही वह बहकी-बहकी बातें करने लगी तथा एक ही बात को चार-पांच बार दोहराने लगी। इसके अलावा वह कई बार ऐसी हरकतें भी करने लगी, जो सामान्य नहीं थीं।
परिजनों ने तत्काल बच्ची को चिकित्सकों को दिखाया। उपचार के बाद बुखार तो उतर गया, लेकिन बच्ची की असामान्य गतिविधियां और बार-बार बातें दोहराने की समस्या बनी हुई है। इससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिजन बच्ची को लेकर विभिन्न स्थानों पर इलाज और विशेषज्ञ परामर्श के लिए भटक रहे हैं, ताकि उसकी स्थिति में जल्द सुधार हो सके।
मामले को लेकर जब बामनिया उप स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. मनीष सोलंकी से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि डीजे की वजह से इस प्रकार की स्थिति का मामला उन्होंने अभी तक नहीं देखा है। हालांकि, कई बार हाई ग्रेड फीवर (अत्यधिक तेज बुखार) का प्रभाव मस्तिष्क पर पड़ने से व्यक्ति का व्यवहार असामान्य हो सकता है और वह बार-बार बातें दोहराने या अलग तरह की गतिविधियां करने लग जाता है।
फिलहाल बच्ची की स्थिति को लेकर परिवार चिंतित है और बेहतर उपचार की उम्मीद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह ले रहा है। क्षेत्र में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।




