खवासा

खवासा में जागरूकता की अलख,,,सतर्क रहें,,सुरक्षित रहें,,,गांव-गांव पहुंच रही पुलिस, शिक्षा, सुरक्षा और जागरूकता का दिया संदेश…!

#Jhabuahulchul 

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को चौकी खवासा एवं रक्षा सखी टीम द्वारा खवासा हाट, बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणजनों को शिक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें कम से कम 12वीं कक्षा तक नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया गया।

रक्षा सखी एवं पुलिस टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन, मैसेज, ई-मेल या सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी नंबर अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल भुगतान, ऑनलाइन निवेश, नौकरी दिलाने और लॉटरी के नाम पर होने वाली ठगी के तरीकों से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड रखने तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपातकालीन सहायता नंबर 112 के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए जागरूक रहने का आह्वान किया। वहीं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी गई। यातायात सुरक्षा के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज को सुरक्षित, शिक्षित और अपराधमुक्त बनाना है, जिसमें आमजन की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!