जनगणना कार्य में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त — तहसीलदार पलकेश परमार ने ली सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक….

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
मेघनगर में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है। इसी क्रम में तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी पलकेश परमार द्वारा प्रगणकों और सुपरवाइजरों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान चार्ज अधिकारी ने जनगणना कार्य से जुड़ी सभी जानकारियों को अंतिम रूप देने से पहले पुनः मिलान करने के निर्देश दिए, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में सिंक से शेष बचे हुए डेटा को तत्काल अपलोड करने, अनुमानित एवं वास्तविक गणना भवनों का मिलान करने तथा रिकॉर्ड को व्यवस्थित रूप से अपडेट करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही अंतिम चरण पूर्ण होने के बाद जनगणना ब्लॉकों का स्पष्ट नजरिया नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
चार्ज अधिकारी श्री परमार ने सभी सुपरवाइजरों से समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने एवं प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से सत्यापित करने की अपील की। बैठक में समस्त जनगणना सुपरवाइजर उपस्थित रहे।




