मदरानी में राजस्व जन संवाद शिविर: मौके पर हुआ 12 मामलों का निपटारा,,त्वरित समाधान: ग्रामीणों को मिली दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति, एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जर्जर बावड़ी का किया निरीक्षण…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित और मौके पर ही निराकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मेघनगर के मदरानी में “राजस्व जन संवाद शिविर” का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के विशेष निर्देशन और मंशा के अनुरूप आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना रहा।
शिविर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) अवनधती प्रधान एवं प्रभारी तहसीलदार पलकेश परमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने तत्परता और पारदर्शिता का परिचय देते हुए शिविर में प्राप्त कुल 28 आवेदनों में से 12 मामलों का मौके पर ही तत्काल निराकरण कर दिया। वहीं, शेष बचे आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा (टाइम-लाइन) तय कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस संवेदनशील कार्यशैली से ग्रामीणों में खासा संतोष और उत्साह देखा गया।

अस्पताल में सोमवार से मिलेगी अतिरिक्त नर्स
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्सों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर एसडीएम अवनधती प्रधान ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बीएमओ डॉ. विनोद नायक से सीधे चर्चा की। बीएमओ ने बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सोमवार से एक अतिरिक्त नर्स अस्पताल में अपनी सेवाएं देना शुरू कर देगी। इसके बाद एसडीएम व प्रशासनिक अमले ने स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण भी किया।
जर्जर बावड़ी का कायाकल्प करने के निर्देश
ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी की जर्जर स्थिति को लेकर भी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आज भी बड़ी संख्या में लोग इस बावड़ी के पानी का उपयोग करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बावड़ी का मुआयना किया और संबंधित विभाग को इसकी सफाई, मरम्मत व ओटला निर्माण के निर्देश जारी किए। इसके अलावा नगर में नाली निर्माण और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याओं पर भी अधिकारियों ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित:
शिविर में बीईओ दीपेश सोलंकी, बीआरसी महेश सोलंकी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी राखी बारिया, बीएमओ डॉ. विनोद नायक सहित सुपरवाइजर अर्चना सांकते, मयूरी पवार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



