भ्रष्टाचार ने दिया था बड़े हादसों को न्योता, गनीमत रही टल गया…

#Jhabuahulchul
बामनिया@जितेंद्र बैरागी
बामनिया के मांगलिक भवन के समीप घटिया निर्माण और भारी लापरवाही ने एक बड़े हादसे को खुला न्योता दे दिया। पानी से भरा टैंकर सड़क किनारे बने कमजोर चैंबर में धंस गया, जिससे टैंकर अचानक पलटी खा गया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति या छोटे बच्चे मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त चैंबर पूरी तरह जमीन के समतल बना दिया गया था, जिस पर किसी प्रकार का चेतावनी संकेत तक नहीं लगाया गया था। सबसे गंभीर बात चैंबर के ऊपर न तो मजबूत सरिया डाला गया था और न ही पर्याप्त सीमेंट-कंक्रीट का उपयोग किया गया। हादसे के बाद जब चैंबर टूटा तो ऊपर से देखने पर वहां सरिया का एक टुकड़ा तक नजर नहीं आया। अंदर की हालत भी बेहद कमजोर और जर्जर दिखाई दी, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना स्थल के समीप एक आदर्श स्कूल भी संचालित होती है। इसके अलावा आसपास कई दुकानें एवं मांगलिक कार्यक्रम स्थल होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। शादी-विवाह के सीजन में तो दर्जनों लोग इसी स्थान पर खड़े रहते हैं। ऐसे में यह हादसा कभी भी बड़ी जनहानि का कारण बन सकता था।



