मेहनत रंग लाई,,झाबुआ कलेक्टर ने किया होनहार हिमाली चोपड़ा का सम्मान, जिले की टॉपर्स सूची में चौथा स्थान पर….

#Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है खवासा की होनहार छात्रा हिमाली पिता इंद्रमल चोपड़ा ने। हाई स्कूल की परीक्षा में हिमाली ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपर्स सूची में चौथा स्थान हासिल किया है। उनकी इस बड़ी कामयाबी ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कलेक्टर ने किया विशेष सम्मान
हिमाली की इस शानदार उपलब्धि पर जिला मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर झाबुआ ने उन्हें सम्मानित किया। नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने हिमाली की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी एकाग्रता और कड़े परिश्रम ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। उन्होंने हिमाली को जिले का गौरव बताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कलेक्टर ने छात्रा की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उसे पुष्पमाला पहनाई और अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उसका उत्साहवर्धन किया।

मेहनत और लगन का परिणाम
हिमाली की सफलता यह संदेश देती है कि यदि इरादे हिमालय जैसे ऊंचे और मेहनत समुद्र जैसी गहरी हो, तो कोई भी लक्ष्य पाना असंभव नहीं है। खवासा जैसे छोटे कस्बे से निकलकर जिले की टॉपर्स लिस्ट में जगह बनाना उनकी मेधा और अनुशासन का ही परिणाम है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है।
झाबुआ हलचल से चर्चा करते हुए हिमाली चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने पहली से लेकर 10वीं तक की पूरी पढ़ाई खवासा नगर स्थित संत टेरेसा स्कूल से ही की है और वे 12वीं तक भी इसी स्कूल में पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का है।
इसी के साथ झाबुआ हलचल की ओर से हिमाली चोपड़ा को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।




