कलेक्टर ने खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण, किसानों की समस्याएं सुन दिए आवश्यक निर्देश…

रायपुरिया@राजेश राठौड़
नवागत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने छपरा पड़ा स्थित उपार्जन (खरीदी) केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसान अनोखी लाल पाटीदार से गेहूं की पैदावार को लेकर चर्चा की, वहीं किसान नाथूलाल पाटीदार ने कुछ किसानों की गेहूं स्लॉट बुकिंग नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने समिति के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जिन किसानों की बुकिंग नहीं हो पाई है, उनकी सूची तैयार कर तत्काल प्रस्तुत करें, ताकि किसी भी किसान की तुलाई लंबित न रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी किसान को उपज बेचने में परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने गेहूं की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि उपज में मिट्टी या बाली नहीं होनी चाहिए। किसानों द्वारा बताई गई ऑनलाइन व नेटवर्क संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को ऐसे किसानों की सूची बनाकर समाधान करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने तौला गया गेहूं समय पर वेयरहाउस भेजने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री तनुश्री मीणा, तहसीलदार अनिल बघेल, खाद्य विभाग के कनिष्ठ अधिकारी सुरेश तोमर सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का दिया निमंत्रण
निरीक्षण के दौरान ग्राम समिति द्वारा 17 से 23 अप्रैल तक आयोजित होने वाले नवीन मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का निमंत्रण कलेक्टर को भेंट किया गया। इस पर कलेक्टर ने कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया।




