ना बेचा एक किलो अनाज,,,फिर भी कुंटलों के मैसेज, बामनिया मंडी का खेल या डिजिटल फ्रॉड…

#Jhabuahulchul
बामनिया@जितेंद्र बैरागी
बामनिया क्षेत्र में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां बिना अनाज बेचे ही एक युवक को लगातार कुंटलों के लेन-देन के मैसेज मिल रहे हैं। इससे युवक परेशान होकर अब इसे डिजिटल फ्रॉड की आशंका मान रहा है।
बामनिया के समीप ग्राम सातेर निवासी कपिल सिनम ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से उसके मोबाइल नंबर पर बामनिया अनाज मंडी से जुड़े मैसेज लगातार आ रहे हैं। इन मैसेज में वर्ष 2025 और 2026 के दौरान अलग-अलग फर्मों के नाम से लाखों रुपये के अनाज के कुंटलों की एंट्री दिखाई जा रही है, जबकि उसने एक किलो भी अनाज नहीं बेचा है।
युवक के अनुसार, इस संबंध में उसने मंडी के कर्मचारियों से भी संपर्क किया और उन्हें गलत मोबाइल नंबर दर्ज होने की जानकारी दी। कर्मचारियों ने सुधार का आश्वासन भी दिया, लेकिन इसके बावजूद मैसेज आना बंद नहीं हुआ और सिलसिला लगातार जारी है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि ये मैसेज सिस्टम की लापरवाही का नतीजा हैं या फिर किसी बड़े डिजिटल फ्रॉड का हिस्सा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कपिल ने इसकी शिकायत पुलिस में करने का निर्णय लिया है ,और जल्द ही बामनिया पुलिस चौकी पर सूचना देगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और युवक को इस परेशानी से कब राहत मिलती है।




