मेघनगर

मेघनगर में श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक सम्पन्न, नई कार्यकारिणी घोषित…

#Jhabuahulchul 

मेघनगर@मुकेश सोलंकी 

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला स्तरीय बैठक रविवार को मेघनगर स्थित होटल अमरशांति में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों की एकजुटता को बढ़ाने पर चर्चा करते हुए मेघनगर इकाई की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिलेभर के पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक में संघ के संभागीय उपाध्यक्ष मुकेश सिसौदिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरिश यादव ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में संभागीय संयुक्त सचिव कौस्तुक व्यास एवं जिला महासचिव दीपक नीमजा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संगठन के सदस्यों को पहचान पत्र (कार्ड) भी वितरित किए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से मेघनगर इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मनीष नाहटा को अध्यक्ष ओर मुकेश सोलंकी को महासचिव नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों की घोषणा होते ही उपस्थित पत्रकारों ने उनका स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया।

बैठक को संबोधित करते हुए संभागीय उपाध्यक्ष मुकेश सिसौदिया ने कहा कि पत्रकारिता समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। पत्रकारों को हमेशा सत्य और निष्पक्षता के मार्ग पर चलते हुए जनसरोकारों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

संभागीय संयुक्त सचिव कौस्तुक व्यास ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है और पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्ष और निर्भीक होकर समाज के मुद्दों को सामने लाएं। उन्होंने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

जिलाध्यक्ष हरिश यादव ने संगठन की आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी अपने स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने बताया कि कार्यों की समीक्षा के लिए प्रत्येक तीन माह में तहसील स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी।

वहीं जिला महासचिव दीपक नीमजा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता हमें बिना किसी भय और भेदभाव के सच्चाई को जनता तक पहुंचाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने नवगठित मेघनगर कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

मेघनगर से जिला इकाई में जितेन्द्र नागर को उपाध्यक्ष, फारूक शेरनी को सचिव और निमिष नाहटा को संयुक्त सचिव सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण जितेन्द्र नागर ने दिया, संचालन मनीष नाहटा ने किया तथा अंत में मुकेश सोलंकी ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!