ढोल-मांदल की थाप पर भावुक विदाई, द्वारका प्रसाद कोरी का सेवानिवृत्ति समारोह भव्य रूप से संपन्न…

#Jhabuahulchul
परवलिया@उमेश पाटीदार
बिजली विभाग के सबस्टेशन परवलिया में लाइनमैन के पद पर कार्यरत रहे श्री द्वारका प्रसाद कोरी का सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह हर्षोल्लास और भावुक माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सबस्टेशन परिसर से हुई, जहां से कर्मचारियों एवं नगरवासियों ने ढोल-मांदल की थाप पर नाचते-गाते भव्य जुलूस निकाला। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ श्री रणछोड़राय मंदिर पहुंचा, जहां सभी ने भगवान के दर्शन कर माल्यार्पण किया और उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
श्री कोरी के सरल स्वभाव, मिलनसार व्यवहार और कार्यकुशलता के चलते नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग विदाई समारोह में शामिल हुए। जुलूस के उपरांत सभी पुनः सबस्टेशन परिसर पहुंचे, जहां सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिले एवं तहसील के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कार्यपालक यंत्री सुखदेव मंडलोई, कमलेश श्रीवास्तव, मेघनगर से जेई श्रवण कुमार पारगी, थांदला से सहायक यंत्री निशांत कुमार खरे, काकनवानी से जेई राकेश साहू, संतोष जैन सहित थांदला व काकनवानी डीसी के समस्त आउटसोर्स कर्मचारी एवं लाइन स्टाफ मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने श्री द्वारका प्रसाद कोरी का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना की। अंत में आभार प्रदर्शन प्रेम सिंह धाक द्वारा किया गया।




