आखिर क्यों रोकी खवासा की जनता ने गैस टंकी की गाड़ी…? उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच हुई तीखी कहासुनी…!

#Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
बामनिया नेहा इंडियन गैस एजेंसी की गाडी खवासा टंकी वितरण करने पहुँची।जहा कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई। मामला इतना बढ़ गया कि नाराज उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर से भरी गाड़ी को घेर लिया और काफी देर तक उसे आगे नहीं बढ़ने दिया।
क्या है पूरा विवाद..?
जानकारी के अनुसार, खवासा के दर्जनों उपभोक्ताओं ने नियमानुसार पहले ही अपनी गैस टंकी बुक करा ली थी। उपभोक्ताओं के मोबाइल पर DCA (Delivery Confirmation Code) नंबर भी आ चुके थे, जिसका मतलब था कि उनकी बुकिंग कन्फर्म है और सिलेंडर डिलीवर होना चाहिए।
लेकिन, जब गाड़ी नगर में पहुँची और लोग अपनी टंकी लेने पहुँचे, तो वितरण कर्मचारियों ने यह कहकर हाथ खड़े कर दिए कि “लिस्ट में आपका नाम नहीं है।”
कर्मचारियों के जवाब से भड़का गुस्सा हंगामा तब और बढ़ गया जब कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से कहा कि उन्हें फिर से नई बुकिंग करानी पड़ेगी। इस गैर-जिम्मेदाराना जवाब ने आग में घी डालने का काम किया।
उपभोक्ताओं का कहना था जब हमारे पास बुकिंग नंबर और DCA कोड आ गया है, तो फिर लिस्ट में नाम क्यों नहीं है..? क्या यह एजेंसी की लापरवाही है या सिलेंडरों की कालाबाजारी की कोशिश..?
काफी देर तक मौके पर मजमा लगा रहा। एक तरफ कर्मचारी अपनी पुरानी लिस्ट का हवाला देते रहे, वहीं दूसरी ओर जनता अपनी बुकिंग आईडी दिखाकर अपना हक मांगती रही। इस खींचतान के कारण नगर में गैस वितरण की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस बीच उपभोक्ताओं ने गैस ऑफिस पर फोन किया इसके बाद कुछ उपभोक्ताओं की टंकी मिली और कुछ उपभोक्ता भी भी DAC नंबर होने के बावजूद टंकी ना मिलने से परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
जनता की मांग
नगरवासियों ने गैस एजेंसी के आला अधिकारियों से इस अव्यवस्था को सुधारने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि समय पर बुकिंग करने के बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।




