रायपुरिया में शुरू हुआ बायपास पुल का निर्माण, ग्रामीणों को जाम से मिलेगी राहत..

रायपुरिया@राजेश राठौड़
विगत 6 माह से बंद पड़े रायपुरिया बायपास मार्ग के पुल निर्माण कार्य ने प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद पुनः गति पकड़ ली है। लंबे समय से निर्माण कार्य रुकने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जाम की समस्या से जूझ रहे थे ग्रामीण
बायपास का काम ठप होने के कारण भारी वाहनों का दबाव मुख्य मार्ग पर बढ़ गया था। स्थिति यह थी कि मुख्य मार्ग पर हर 10-15 मिनट में जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों का निकलना दूभर हो गया था। इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ.योगश तुकाराम भरसट को आवेदन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
कलेक्टर के निर्देश पर हरकत में आया प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ.योगेश तुकाराम भरसट ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थल का निरीक्षण कर समस्या हल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के आदेश के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री डीएस गुथारिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
राजस्व विभाग ने दूर की बाधाएं
निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी और भूमि संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। राजस्व अधिकारियों ने सड़क मार्ग का सीमांकन किया। साथ ही, जिन किसानों की जमीन सड़क निर्माण में आ रही है, उनके मुआवजे के लिए प्रकरण तैयार किए गए ताकि किसानों को उनकी भूमि का उचित मुआवजा मिल सके और निर्माण कार्य में कोई अड़चन न आए।
जल्द पूरा होगा कार्य
निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि अब कार्य सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया है। पुल का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद भारी वाहनों का आवागमन पुनः बायपास मार्ग से शुरू हो जाएगा। बायपास शुरू होने से रायपुरिया के मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा और लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।




