झाबुआ में एबीवीपी ने एनएसयूआई के खिलाफ किया पुतला दहन…

झाबुआ@हरीश यादव
झाबुआ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जिला इकाई ने भोपाल में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म एवं मारपीट के मामले के विरोध में राजगढ़ नाका पर प्रदर्शन करते हुए एनएसयूआई (NSUI) का पुतला दहन किया।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोपित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी का कहना है कि पीड़ित 23 वर्षीय जनजातीय छात्रा एनएसयूआई की कार्यकर्ता है। मामले में छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एबीवीपी के प्रांत मंत्री दर्शन कहार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी भाग लिया और एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी की।
कार्यक्रम में जिला संयोजक अमित चौहान, जिला छात्रा प्रमुख देवयानी अजनार, जितेंद्र चौहान, विदुषी दुबे, नैना रॉय, दिनेश परमार, संजय, अनिल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




