कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मेघनगर में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, शीघ्र पूर्णता के दिए निर्देश…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने नगर परिषद मेघनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत गार्डन निर्माण के लिए आवंटित भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर गार्डन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मेघनगर के छोटा तालाब के किनारे किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के आसपास लगाए जा रहे पेवर ब्लॉकों की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि तालाब क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से नगर की सुंदरता बढ़ेगी तथा नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक वातावरण उपलब्ध होगा।
कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 15 में स्थित पानी की टंकी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नागरिकों को नियमित एवं सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुश्री अवनधती प्रधान, सीएमओ मेघनगर, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।



