मेघनगर जनसुनवाई में 97 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश..

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को विकासखंड मेघनगर में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम मोरीपाड़ा, ग्राम पंचायत बिसौली के ग्रामीणों ने तड़वी फलिया में पेयजल एवं सिंचाई जल की गंभीर समस्या से अवगत कराते हुए सार्वजनिक कुएं के निर्माण की स्वीकृति प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदक श्री राजा मानसिंह बसौड़, तहसील मेघनगर ने क्षेत्र में स्थित केमिकल उद्योगों से होने वाले प्रदूषण की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि उद्योगों से निकलने वाला रासायनिक युक्त अपशिष्ट जल खुले स्थानों एवं कुण्डों में छोड़ा जा रहा है, जिससे पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने औद्योगिक प्रदूषण, नल-जल योजना के अंतर्गत दूषित पेयजल आपूर्ति तथा संबंधित कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
आवेदिका रीता, पति स्वर्गीय गलिया ने बताया कि उनके पति की खेत के समीप स्थित कुएं में पानी पीने के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई थी, किन्तु राजस्व एवं श्रम विभाग से उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने पात्रतानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
श्री गणपतसिंह नायक, निवासी रंभापुर रोड, टेम्पो चौराहा, मेघनगर ने शिकायत की कि उनके मकान के दक्षिण दिशा में स्थित वर्षा जल एवं नाली निकासी के प्राकृतिक मार्ग पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण किया जा रहा है। उन्होंने प्रकरण की जांच कर अतिक्रमण हटाने तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
हितलाभ वितरण
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए। ई-विकास प्रणाली के माध्यम से कृषक श्री गोपाल, श्री मनिया खपेड एवं श्री देवचंद भूरा को उर्वरक हेतु ई-टोकन प्रदान किए गए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत जीविका, यशवी, समृद्धि एवं प्रियांशी को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वहीं अनाया एवं छवि को विद्यारंभ योजना के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
मेघनगर में आयोजित जनसुनवाई में कुल 97 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं जिला मुख्यालय झाबुआ में अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री विजय कुमार मंडलोई द्वारा आयोजित जनसुनवाई में 101 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर श्री महेश बड़ोले, एसडीएम मेघनगर सुश्री अवनधती प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



